हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के ऊंचा थोक में मंगलवार रात जेसीबी चालक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे परिजन और पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से उतारा। घटना की वजह परिजन नहीं बता पा रहे हैं।
नगर के मोहल्ला ऊंचाथोक निवासी पारस (31) जेसीबी चालक था। पिता नन्हें लाल ने बताया कि पारस शराब का आदी था। इसकी वजह से वह खुद भी तनाव में रहता था और घर में भी विवाद की स्थिति रहती थी। मंगलवार को पारस की पत्नी दोनों बच्चों के साथ सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र के परमल गांव गई थी। पारस घर में अकेला था। रात लगभग नौ बजे पड़ोसियों ने मकान से पारस के चिल्लाने की आवाज सुनी।
इस पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसकी जानकारी पड़ोसियों ने नन्हें लाल को दी। घर पहुंचे नन्हें लाल ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में पुलिस के आने पर दरवाजा तोड़ा गया तो पारस फंदे से लटका मिला। परिजन पारस को फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज ले गए लेकिन यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि परिजन घटना की वजह नहीं बता पा रहे हैं। इतना बताया है कि पारस शराब का आदी था।