फोटो-12-रामचेला। फाइल फोटो
फोटो-13- सीएचसी सवायजपुर में मृतक के गमगीन परिजन। संवाद
- सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सवायजपुर। खेत में बोरिंग करते समय लोहे का पाइप हाईटेंशन लाइन से छू गया। पाइप पकड़े मजदूर को करंट लग गया।उसे सीएचसी ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना शुक्रवार सुबह सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में ककरौआ ईंट भट्ठे के पास हुई।
कोतवाली क्षेत्र के फदुल्लापुर निवासी रामचेला (23) मजदूरी करता था। पिता रामवीर के मुताबिक, ककरौआ ईंट भट्ठे के पास एक खेत में बोरिंग हो रही थी। इसी में रामचेला मजदूरी कर रहा था। शुक्रवार की सुबह बोरिंग में डालने के लिए लोहे का पाइप रामचेला ने उठाया था। यह पाइप खेत के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से छू गया। इसके कारण रामचेला को करंट लग गया। झुलसकर वह वहीं तड़पने लगा।
साथी मजदूरों ने उसे सीएचसी पहुंचाया और पिता को सूचना दी। सीएचसी में चिकित्सक ने रामचेला को मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी रुचि और दो पुत्र हैं। थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि घटना संज्ञान में है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों ने फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर देंगे तो जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।