मल्लावां। क्षेत्र पंचायत मल्लावां की बैठक बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय पर हुई। बैठक में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्याें पर चर्चा की गई। निर्माणाधीन कार्याें को जल्द पूरा कराने की बात कही गई। इस सबके बीच तीन करोड़ से क्षेत्र पंचायत में मार्गाें का निर्माण कराने और 50 लाख रुपये से नालियों का निर्माण कराए जाने पर भी सहमति बनी।
क्षेत्र पंचायत की बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख डॉ. गीता वर्मा ने की। उन्होंने बैठक में कहा कि क्षेत्र में विकास कराने के लिए वह हर संभव प्रयास कर रही हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान भी विकास कार्याें में रुचि दिखाएं। खंड विकास अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद ने बैठक की कार्य योजना पढ़कर सुनाई। कहा कि स्वरोजगार योजना के तहत समूहों का गठन कर महिलाएं स्वावलंबी बन सकती हैं।
ब्लॉक प्रमुख डाॅ. गीता वर्मा ने बताया कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों के प्रस्ताव पर 3.25 लाख रुपये से मार्गाें का निर्माण कराया जाएगा। क्षेत्र पंचायत के इलाके में आने वाली सभी गोशालाओं में एक करोड़ रुपये से पानी की टंकी का निर्माण करया जाएगा। डेढ़ करोड़़ रुपये से क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और देव स्थानों पर वाटर कूलर लगाए जाएंगे। बैठक में सीपी वर्मा, जय सिंह, त्रिलोकी सिंह, संतोष गुप्ता, अरविंद वर्मा आदि मौजूद रहे। एडीओ पंचायत अवधेश कुमार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अनुराग पटेल भी बैठक में मौजूद रहे।