बेहटा गोकुल। भदेवना गांव में रिश्तेदारी में आई मासूम बच्ची को ट्रैक्टर ट्राली ने रविवार दोपहर टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गई। परिजन मेडिकल कॉलेज फिर लखनऊ ले गए। वहां इलाज के दौरान रात में उसकी मौत हो गई। मृतका की मां ने ट्रैक्टर चालक पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम मढ़ैया निवासी वीरेश राजमिस्त्री हैं। वीरेश के बहनोई नन्हे भइया थाना क्षेत्र के भदेवना गांव में रहते हैं। रविवार को नन्हे भइया के पुत्र का नामकरण संस्कार था। वीरेश अपनी पत्नी उर्मिला और तीन वर्षीय पुत्री पायल के साथ आए थे। नन्हे भइया के पड़ोस में रामकिशोर का मकान है।वीरेश के मुताबिक, रविवार की दोपहर में पायल रामकिशोर के मकान के बाहर खड़ी थी।
इस दौरान ग्राम भदेवना निवासी ट्रैक्टर चालक सुशील ने पायल को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसको मेडिकल ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में इलाज के दौरान पायल ने दम तोड़ दिया। मृतका की एक बहन और एक भाई है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र गिरी ने बताया कि चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। चालक की तलाश की जा रही है।