हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के बरहा गांव में रविवार दोपहर खेलते समय गुब्बारा मासूम की श्वास नली में फंस गया। उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजन पहले शहर के प्राइवेट अस्पताल फिर मेडिकल कॉलेज लाए। यहां शाम के समय चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरहरा के मजरा बरहा निवासी नीरज घरों में दूध बेचने का काम करते हैं। नीरज ने बताया कि उनकी दो वर्षीय पुत्री प्रश्वी रविवार दोपहर आंगन में गुब्बारे से खेल रही थी। इस दौरान गुब्बारा फूट गया। फूटा गुब्बारा उसने मुंह में डाल लिया। मुंह से गुब्बारा श्वास नली में चला गया फिर उसको सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजन उसको शहर के प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी। परिजन उसको मेडिकल कॉलेज लाए। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। प्रश्वी छह बहनों में सबसे छोटी थी। उसका कोई भाई नहीं है। परिजन आपसी सहमती से शव गांव लेकर चले गए।