हरदोई। स्कूल से गैरहाजिरी, फल और दूध वितरण में गड़बड़ी पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने टोडरपुर के शिरोमणिनगर के कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। निलंबन के साथ ही टोडरपुर बीआरसी से संबद्ध किया है। पिहानी के बीईओ को जांच और आरोप पत्र तैयार किए जाने की जिम्मेदारी दी है।
बीएसए ने यह कार्रवाई टोडरपुर के खंड शिक्षा अधिकारी की तरफ से दी गई रिपोर्ट के आधार पर की। बताया कि बीईओ ने शिरोमणिनगर कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय का 25 सितंबर को औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के समय विद्यालय और परिसर में गंदगी और घास व झाड़ी आदि खड़ी थी। कक्षा छह की छात्रा ने बताया कि करीब 3-4 माह से उन लोगों को फल और दूध नहीं मिला।
छात्राओं और सहायक अध्यापक सत्यप्रकाश ने बताया कि इंचार्ज प्रधानाध्यापक फिरोज अहमद खां कभी-कभी ही विद्यालय आते हैं। सहायक अध्यापक ने बताया कि 22 सितंबर से चार अक्तूबर तक विद्यालय नहीं आए हैं। जिस पर बीईओ ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक को नोटिस दिया और जवाब मांगा। इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने जवाब नहीं दिया।
बताया कि शिरोमणिनगर कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक फिरोज अहमद खां को निलंबित कर दिया गया है। उनका निलंबन आदेश जारी किए जाने के साथ ही टोडरपुर बीआरसी से संबद्ध किया गया है।