हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम जूरा निवासी विवाहिता का शव सोमवार शाम घर में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। परिजन घटना का कारण नहीं बता सके। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जूरा निवासी सोर्सी (20) पत्नी सावेंद्र की सोमवार शाम संदिग्ध हालात में मौत हो गई। देर शाम सावेंद्र मजदूरी से लौटा तो सोर्सी का शव घर में कुंडे के सहारे फांसी पर लटकता मिला। परिजनों ने बताया कि सावेंद्र लगभग आठ माह पहले सोर्सी को अपने साथ ले गया था। सजातीय होने के कारण बाद में सोर्सी के परिजनों की सहमति पर दोनों की शादी करा दी गई थी, तब से दोनों साथ ही रह रहे थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद हरपालपुर के ग्राम बन्नई निवासी सोर्सी के पिता माधव मौके पर पहुंचे। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर कोई आरोप नहीं लगाया है। एसओ वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि महिला द्वारा खुदकुशी किए जाने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।