फोटो-26-प्रियांशू। स्रोत परिजन
- माधौगंज थाना क्षेत्र के खुर्दामदारपुर की घटना
- दिल्ली में रहने वाले चाचा ने देखा स्टेटस तो परिजनों को बताया
संवाद न्यूज एजेंसीमाधौगंज। लड़की ने भरोसा देखकर छोड़ दिया। मिला जो मोहब्बत में धोखा तो खुदकुशी करने जा रहे हैं ... अलविदा दोस्तों। वाट्सएप के स्टेटस पर उक्त पंक्तियों के साथ अपना वीडियो डालकर खुर्दामदारपुर गांव निवासी एक युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। स्टेटस देखकर परिजन उसे खोजने निकले थे, लेकिन तब तक युवक खुदकुशी कर चुका था।
माधौगंज थाना क्षेत्र के खुर्दामदारपुर निवासी प्रियांशू (20) गांव में अपनी दादी के साथ रहता था। उसके पिता राम किशोर दिल्ली में पूरे परिवार के साथ रहते हैं। प्रियांशू के एक चाचा मंजेश दिल्ली में रहते हैं, जबकि दूसरे चाचा कौशल गांव में ही अलग मकान में रहते हैं। शनिवार देर रात दिल्ली में रह रहे प्रियांशू के चाचा मंजेश ने उसके वाट्सअप पर एक वीडियो स्टेटस लगा देखा। इसमें वह खुद को जामुन के पेड़ में फंदा लगाते नजर आ रहा था। इसकी जानकारी मंजेश ने गांव में रहने वाले अपने भाई कौशल को दी। कौशल ने परिजनों के साथ रात में ही प्रियांशू की तलाश शुरू की। रात में लगभग 12:30 बजे प्रियांशू का शव गांव के बाहर स्थित एक बाग में जामुन के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटकता मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। थानाध्यक्ष केके यादव ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाए हैं। प्राथमिक जांच में पता चला है कि युवक का देहात कोतवाली क्षेत्र के किसी गांव निवासी रिश्तेदारी की युवती से प्रेम प्रसंग था। परिजन अगर कोई तहरीर देंगे तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।