बेमौसम बारिश के बाद बर्बाद फसलों के लिए शासन स्तर से मुआवजा जारी होने के
बाद भी जिले में वितरित न होने पर ग्राम कुर्रिया, बावन के ग्रामीणों ने
शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया तथा जिलाधिकारी को
एक ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि 30 जुलाई को उनके गांव में मुआवजे का
वितरण न किया गया तो 31 जुलाई को कलक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा।
कलक्ट्रेट
परिसर में बावन ब्लाक के ग्राम कुर्रिया के ग्रामीणों की अगुवाई कर रहे
भारतीय कृषक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज कुमार दीक्षित ने कहा कि फसली
वर्ष में ओलावृष्टि एवं इससे पूर्व सूखे की चपेट में किसानों की कमर तोड़
दी है। उन्होंने कहा कि सरकारों ने भी जनपद को सूखा ग्रस्त घोषित किया और
ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की घोषणा की, लेकिन इसके
बाद भी आज जिले में 70 प्रतिशत से अधिक ग्राम पंचायतों में मुआवजे का वितरण
हुआ ही नहीं।
उन्होंने कहा कि अचंभे की बात यह है कि इस तरफ प्रशासन तो
प्रशासन कई बार शिकायतों के बाद शासन भी कोई ध्यान नहीं दे रहा और किसान
त्राहि-त्राहि कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि ब्लाक बावन के कुर्रिया के
किसानों को 30 जुलाई तक मुआवजा नहीं दे दिया जाता तो 31 जुलाई को कलक्ट्रेट
घेरकर प्रदर्शन किया जाएगा।
इसको लेकर एक ज्ञापन भी जिलाधिकारी रमेश मिश्र
को सौंपा गया। इस मौके पर अतुल मिश्र, शिवकुमार सिंह, प्रमोद मिश्र, रूप
नारायण गुप्ता, अनिल गुप्ता, द्वारिका प्रसाद, राजाराम, रामशंकर सिंह, अमित
पाल, शिशुपाल, राजेंद्र पाल गुप्त और संजीव सिंह आदि मौजूद थे।