फोटो-01- अटल चौक के पास सुबह छाई धुंध में जाते वाहन। संवाद
हरदोई। जिले में कड़ाके की सर्दी का दौर बदस्तूर जारी है। बादलों के छाए रहने से बृहस्पतिवार को भी सुबह से धूप के दर्शन नहीं हुए। सर्द हवाओं की वजह से लोगों की कंपकंपी छूटती रही। दोपहर बाद बादल छटने के बाद धूप तो निकल आई लेकिन उसमें जरा भी असर नहीं दिखा। ऐसे में लोग सर्दी से बचाव के लिए अलाव तापते नजर आए।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही आसमान में कोहरे की चादर लिपटी रही। करीब छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली सर्द हवाओं ने लोगों को ठंड में कांपने पर मजबूर कर दिया। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। दोपहर करीब डेढ़ बजे के आसपास हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन कुछ ही देर में बादलों की ओट में छिप गई। धूप न निकल पाने के कारण लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल सकी। सर्दी और गलन के कारण बाजारों और सड़कों पर भी कम चहल-पहल देखने को मिली।
ठिठुरन के चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले, जबकि अधिकतर लोग घरों में ही दुबकने को मजबूर रहे। बुजुर्गों और बच्चों पर सर्दी का असर अधिक देखा गया। शाम ढलते ही तेज हवाओं की वजह से सर्दी और बढ़ गई। मौसम वेधशाला प्रेक्षक आरसी वर्मा ने बताया कि अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस पर रहा। दृश्यता 100 से 200 मीटर के बीच रही।
फोटो-01- अटल चौक के पास सुबह छाई धुंध में जाते वाहन। संवाद