हरदोई। तासखेड़ा गांव के पास स्थित राइस मिल के मालिक ने चार साझीदारों पर 7.5 करोड़ की हेराफेरी का आरोप लगाया है। राइस मिल मालिक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर की आवास विकास कॉलोनी निवासी सुशील कुमार गुप्ता ने शहर कोतवाली में प्रार्थनापत्र दिया है। इसमें बताया कि बिलग्राम मार्ग पर तासखेड़ा गांव के पास सीताराम रॉइस इंडस्ट्रीज नाम से उनकी रॉइस मिल है। मिल में मोहल्ले के श्रवण गुप्ता, नीरज गुप्ता, गौरव गुप्ता और किरन गुप्ता हिस्सेदार हैं। बताया कि स्टेशन रोड स्थित एसबीआई में मिल का खाता है। जिसकी क्रेडिट सीमा दो करोड़ 60 लाख रुपये है। क्रेडिट के अनुसार लेनदेन होता है।
सुशील के अनुसार वर्ष 2017 में तबीयत खराब होने पर लखनऊ के एक अस्पताल में उपचार के लिए गए थे। हालत में सुधार होने के बाद मिल में जाकर दस्तावेज देखे तो 7.50 करोड़ की हेराफेरी पकड़ी। विरोध करने पर साझीदार धमकी दे रहे हैं। कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि चारों लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।