हरदोई के कछौना कस्बे में सपा के स्वागत और जन संवाद कार्यक्रम में समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह के सामने ही पार्टी के प्रदेश सचिव और जिलाध्यक्ष सम्मान को लेकर भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर गालीगलौज हुई। हालात बिगड़ते देख जूही सिंह कार्यक्रम छोड़कर चली गईं।
बालामऊ विधानसभा क्षेत्र से सपा के टिकट की दावेदार पूनम सरोज ने शनिवार को स्वागत और जन संवाद आयोजित किया। इसमें जूही सिंह मुख्य अतिथि और राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जरीन विशिष्ट अतिथि रहे। अध्यक्षता प्रदेश सचिव और पूर्व जिलाध्यक्ष शराफत अली ने की।
शाम लगभग चार बजे कार्यक्रम शुरू हुआ तो पूनम ने जूही सिंह और शराफत अली को चांदी का मुकुट व शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इस बीच, मंच से किसी ने टिप्पणी कर दी कि जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा भी मंच पर हैं, इनका भी स्वागत होना चाहिए।
इस पर शराफत अली ने कह दिया कि इनको किसी ने बुलाया नहीं था, फिर भी आ गए। उनके इतना कहते ही विवाद शुरू हो गया। दोनों नेता और उनके समर्थक गालीगलौज करते हुए मारपीट पर उतारू नजर आए। यह देख जूही सिंह आयोजन के लिए पूनम सरोज को बधाई देते हुए चली गईं।