हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर अटवा असिगांव के पास ट्रैक्टर ने टेंपो में टक्कर मार दी। टेंपो पलटने से उसमें सवार अधेड़ की मौत हो गई जबकि चार सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के नुमाइश चौराहे से सवारियों भरा टेंपो शुक्रवार शाम बेहटागोकुल जा रहा था। देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर ग्राम अटवा असिगावां के निकट ट्रैक्टर की टक्कर से टेंपो पलट गया। हादसे में टेंपो सवार कल्लू (50) पुत्र मुन्ना निवासी बिजगवां थाना बेहटा गोकुल, उसकी मां रामश्री (72), रमेश (45) पुत्र छुन्ने निवासी आटदानपुर, बेहटागोकुल, मनोज (50) पुत्र इंदू निवासी नौरंगपुर टड़ियावां, बंशी (55) पुत्र गोकरन निवासी चिल्लौर थाना सांडी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर यूपी 100 टीम मौके पर पहुंची और सभी को अपने वाहन से जिला अस्पताल लाई। जहां पर चिकित्सक ने कल्लू को मृत घोषित कर दिया। राम श्री ने बताया कि बेटा कल्लू उसकी दवा लेने उसके साथ शहर आया था। वह दोनों दवा लेकर घर जा रहे थे। कल्लू के दो बेटी और दो बेटे हैं। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। यूपी 100 टीम के सदस्यों ने बताया कि टेंपो में 14 लोग सवार थे। अन्य को मामूली चोटें आईं हैं। चालक का पता नहीं चल सका है।