कस्बे में बरौनी रेलवे क्रासिंग। संवाद
- फोटो : HARDOI
संडीला। कस्बे में बरौनी रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम से जल्द ही लोगों को निजात मिलेगी। इसको लेकर भेजे गए सांसद अशोक रावत के प्रस्ताव व रेल सुरक्षा के दृष्टिगत रेलवे बोर्ड ने यहां अंडर पास बनवाने को मंजूरी दे दी है। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद रेलवे के अधिकारियों ने प्रदेश सरकार से इसकी अनुमति दिलाए जाने के लिए डीएम को पत्र भेजा है। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि स्वीकृति मिलने के बाद अपने अधिकार क्षेत्र के वाले हिस्से में रेलवे व राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र वाले क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा।
कस्बे में बरौनी रेलवे क्रासिंग के बंद होने के दौरान कस्बे में कई बार जाम की स्थिति बनती है। कस्बे के लोगों को इससे निजात मिले, इसके लिए हाल ही में सांसद अशोक रावत ने रेल मुख्यालय को यहां क्रासिंग पर अंडरपास बनवाए जाने का प्रस्ताव भेजा है। इससे दिल्ली-लखनऊ रेल मार्ग की ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार की क्षमता भी 120 किलोमीटर प्रतिघंटा से बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटा की जानी है। मानकों के तहत ऐसे ट्रैक पर क्रासिंग फाटक हटाकर वहां अंडरपास बनवाए जाने हैं। मानकों व सांसद के प्रस्ताव का संज्ञान लेते हुए रेलवे बोर्ड ने यहां अंडरपास बनवाए जाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू किए जाने व प्रदेश सरकार की ओर से भी इसकी अनुमति लिए जाने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड से निर्देश मिलने के बाद उत्तर रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने डीएम अविनाश कुमार को पत्र भेजा है। कहा है कि लखनऊ-मुरादाबाद रेलवे खंड में ट्रैक की रफ्तार क्षमता बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटा किया जाना है। इस दौरान जनहानि रोकने व रेल व सामान्य यातायात को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए उद्देश्य से यहां अंडरपास बनवाया जाना प्रस्तावित है, जिसका प्रस्ताव मिश्रिख सांसद अशोक रावत को भी दिया जा चुका है। बताया कि इसके निर्माण की प्रारंभिक प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार से इसके लिए अनुमति ली जानी है। अनुमति मिलने के बाद अपने अधिकार क्षेत्र वाली भूमि पर रेलवे व राज्य सरकार के अधिकार वाले क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा अंडरपास का निर्माण कराया जाना है। सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने डीएम से आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा है।
225 मीटर लंबा होगा अंडरपास, आएगी 2.5 करोड़ की लागत
रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक यहां बरौनी क्रासिंग पर निर्माण के लिए प्रस्तावित अंडरपास की लंबाई लगभग 225 मीटर होगी। इस अंडरपास के निर्माण पर लगभग 2.5 करोड़ रुपये का खर्च आना है। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र में अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही इस पर खर्च होने वाली राशि वहन भी किया जाएगा। वहीं राज्य सरकार द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र में अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा, जिसका खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
जल्द से जल्द कराया जाएगा अंडरपास का निर्माण
संडीला में स्थित तीनों क्रासिंग बंद होने की स्थिति में यहां जाम लगना आम है। क्षेत्र की जनता के हितों को ध्यान में रखकर अभी हाल ही में बाईपास पर स्थित सेंट टेरेसा क्रासिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण को स्वीकृति दिलाई जा चुकी है। बरौनी क्रासिंग कस्बे के अंदर की क्रासिंग है। इसके बंद होने से लोगों को खासी दिक्कतें होती हैं, इसके दृष्टिगत यहां अंडरपास के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। रेलवे द्वारा अंडरपास के निर्माण की प्रारंभिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है, यह क्षेत्र के लोगों के लिए खुशी की बात है। कोशिश कर शासन से भी इसको मंजूरी दिलाई जाएगी, इसके बाद जल्द से जल्द यहां अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा।