हरदोई। प्रसव के बाद तबीयत बिगड़ने पर उपचार के लिए लखनऊ ले जाई जा रही प्रसूता की रास्ते में ही मौत हो गई। भाई ने ससुराल वालों पर लापरवाही करते हुए बहन को मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लोनहरा के मजरा दुगनई निवासी परमाई की पत्नी पुनीता (25) का प्रसव पांच दिन पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना में हुआ था। प्रसव के बाद पुनीता की हालत बिगड़ने पर उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया था। जिला अस्पताल से रविवार को उसे लखनऊ रेफर किया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इस पर परिजन शव लेकर वापस गांव आ गए।
मृतका के भाई रामू निवासी सुरसा ने ससुराल वालों पर लापरवाही कर पुनीता को मार डालने का आरोप लगाया है। कछौना के वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि भाई की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।