अमेरिका के शेर्लोट शहर में कोरोना से बचाव को टीकाकरण करवाते शहर के रेलवेगंज निवासी प्रवीण अग्रव?
- फोटो : HARDOI
हरदोई। डरे नहीं, कोरोना से बचने के लिए वैक्सीन जरूर लगवाएं...। जिले के व्हाट्सएप ग्रुपों से अमेरिका में साफ्टवेयर इंजीनियर शहर के युवा लोगों से ये अपील कर रहे हैं। वे खास कर युवाओं से एक मई से आगे आकर वैक्सीनेशन कराकर कोरोना के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
शहर के रेलवेगंज निवासी प्रवीण अग्रवाल बचपन से ही होनहार रहे। यहां से पढ़ाई लिखाई पूरी करने के बाद वह साफ्टवेयर इंजीनियर बनकर अमेरिका चले गए। पिछले काफी समय से वे वहीं हैं। इन दिनों यूएस के उत्तरी कैरोलिना के शेर्लोट शहर की ओरेकल इंक में कार्यरत हैं। जिले के व्हाट्सएप ग्रुपों पर जुड़े प्रवीण ने पिछले दिनों मैसेज करके बताया कि कोरोना का भय अमेरिका में भी है लेकिन यहां समय रूका नहीं है। बल्कि दौड़ रहा है इसलिए सावधानियां बरतें और वैक्सीनेशन जरूर कराएं। उनकी कंपनी के कर्मियों का जब वैक्सीनेशन शुरू हुआ तो कुछ युवा घबराएं, लेकिन उन्होंने पहली पंक्ति में खड़े होकर वैक्सीनेशन करवाया और जनपद के युवाओं से भी चाहता हूं कि एक मई से जब वैक्सीनेशन शुरू हो तो जरूर लगवाएं।
इसी तरह रेलवेगंज के ही निवासी साफ्टवेयर इंजीनियर अंकुर अग्रवाल भी यूएस के न्यू हैम्पशायर के बर्लिन में रह रहे हैं और वह एसेंचियर इंक में कार्यरत हैं। उन्होंने भी कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण कराने के बाद वहीं से जिले के युवाओं व बुजुर्गों को जानकारी दे रहे हैं। साथ ही टीका लगवाने की अपील कर रहे हैं।