हरदोई। पंचायत चुनाव का मतदान होने के बाद मतगणना को लेकर ताना बाना बुना जाने लगा है। आयोग ने भी मतगणना को लेकर दिशा निर्देश देना शुरू कर दिया है। दिशा निर्देशों में स्पष्ट है कि मतगणना बूथवार होगी। एक मतपेटी के चारों पदों के बैलेटों की गड्डियां बनाईं जाएगी, लेकिन सबसे पहले गणना ग्राम पंचायत सदस्य पदों की होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार द्वारा जारी आदेशों में बताया गया कि एक बूथ की सभी मतपेटिकाएं एक साथ खोली जाएंगी। उनको पदवार छांट लिया जाएगा। 50-50 मतपत्रों की गड्डी बनाकर रखा जाएगा। इसके बाद मतपत्र लेखा से मिलान भी करवाया जाएगा। मतपेटी से निकलने वाले मतपत्रों की गड्डी में सबसे पहले गणना ग्राम पंचायत सदस्य, उसके बाद प्रधान, सदस्य क्षेत्र पंचायत और उसके बाद जिला पंचायत सदस्य की मतगणना की जाएगी। ग्राम पंचायत सदस्य का परिणाम सहायक निर्वाचन अधिकारी द्वारा घोषित किया जाएगा। शेष प्रधान ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की मतगणना का परिणाम संबंधित निर्वाचन अधिकारी द्वारा घोषित होगा।
दो शिफ्टों में मतगणना करेंगे कार्मिक
सीडीओ आकांक्षा राना ने बताया कि मतगणना में कार्मिक दो शिफ्टों में लगाए जाएंगे। प्रत्येक शिफ्ट 12-12 घंटे की होगी। पहली शिफ्ट में लगे कर्मी को सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक एवं दूसरी शिफ्ट में लगे कार्मिकों को रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक मतगणना करनी होगी। एक शिफ्ट के मतगणना कर्मी जब अपनी जगह से हटेंगे तब दूसरी शिफ्ट के कर्मी उस जगह पर जिम्मेदारी संभालेंगे।
मतगणना के प्राप्त आंकड़ों की होगी ऑनलाइन फीडिंग
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि मतगणना को लेकर 19 मतगणना स्थलों को घोषित किया गया है। प्रत्येक में मतगणना नियमानुसार होगी। प्राप्त आंकड़ों को ऑनलाइन फीड कराए जाने की भी तैयारी की जा रही है। नेट आदि व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
जिले के इन 19 स्थलों पर कराई जाएगी मतगणना
. दिव्यानंद पीजी कॉलेज, संत कृपाल नगर संडीला
. कृषि उत्पादन मंडी समिति सांडी
.एसएस डिग्री कॉलेज जतुली
. ज्ञानदीप डिग्री कॉलेज टड़ियावां
. एसएमडी पटेल महाविद्यालय कछौना
. श्री स्व. कोटपाल सिंह महाविद्यालय अटिया मझिगवां
. बीजीआर इंटर कॉलेज बिलग्राम
. नवीन गल्ला मंडी स्थल शाहाबाद
. राजकीय महाविद्यालय टोडरपुर
. श्री नरपति सिंह इंटर कॉलेज माधौगंज
. राजकीय पॉलिटेक्निक बावन रोड
. बीएन इंटर कॉलेज मल्लावां
. डॉ. हरिशंकर मिश्रा मलिहामऊ
. शहजादे सिंह पीजी कॉलेज, अतरौली भरावन
. राजवती औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान इकनौरा
. महाराजा हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज गौरखेड़ा
. राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पिहानी
. स्व रामदयाल स्मारक डिग्री कॉलेज बघौली
. संतोष महाविद्यालय बेंहदर