हरदोई। सांडी के पूर्व ब्लाक प्रमुख जगमोहन राजपूत ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन किसी दूसरे दल में जाने की बात से फिलहाल इनकार किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही समर्थकों के साथ विचार विमर्श कर विचारधारा के अनुरूप कार्य करने वाले दल में शामिल होने पर निर्णय लिया जाएगा।
सांडी के पूर्व ब्लाक प्रमुख जगमोहन राजपूत भाजपा से सांडी ब्लाक प्रमुख पद के लिए टिकट के दावेदार थे। पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया और जितेंद्र राजपूत को प्रत्याशी घोषित कर दिया। शनिवार को हुए चुनाव में जितेंद्र राजपूत दो वोटों से जीत गए। रविवार को अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए जगमोहन राजपूत ने कहा कि सांडी में ब्लाक प्रमुख का चुनाव संवैधानिक ढंग से नहीं हुआ है। इसलिए भाजपा से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर कथनी और करनी में अंतर होने का आरोप भी लगाया।