हरदोई। कटियारी क्षेत्र में रविवार की दोपहर झमाझम बारिश हुई। बारिश के बाद जहां मौसम खुशनुमा हो गया, वहीं बारिश के बाद कस्बे में व आस पास जलभराव हो गया। कोतवाली परिसर में तालाब जैसा नजारा था। फरियादियों को पानी से होकर आना पड़ा।
दरअसल, सड़क के लेवल से नीचे बनी कोतवाली मेें बारिश के बाद पानी भर गया। यही नहीं कार्यालय व आरक्षियों के आवासों में भी पानी घुस गया, जिससे उन्हें भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इससे इतर बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिले नजर आए। गन्ना व धान के किसानों ने बारिश को फसल के लिए फायदेमंद बताया है। किसान जगदीप, हरबीर, उमेश व लालू आदि ने बताया कि बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी हो गई है। ऐसे में जो किसान धान की बेड़ बोना चाहते थे, उनके लिए खेत बुवाई लायक हो गए हैं।