फोटो-17- मार्ग किनारे खाई मे पलटी पड़ी ट्रैक्टर ट्राली
- फोटो : HARDOI
बेहंदर। संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर कलरावां पुल पर चढ़ते समय लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी भेजा।
संडीला थाना क्षेत्र के सुंदरपुर टिकरा गांव निवासी जीतू मौर्य (25) ट्रैक्टर चालक है। बुधवार दोपहर वह कासिमपुर के माडर गांव से यूकेलिप्टस की लकड़ी ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर संडीला जा रहा था।
कलरावा पुल पर चढ़ते समय ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे आठ फुट गहरे खड्ड में पलट गई। एसओ हरिशंकर प्रजापति ने बताया कि घटना संज्ञान में नहीं है।
बिना पंजीयन दौड़ रहे ट्रैक्टर
कासिमपुर थाना क्षेत्र की सड़कों पर बिना पंजीयन डबल टायर ट्रैक्टर ट्रॉली सड़कों पर दौड़ रही हैं। लकड़ी, भूसा, बुरादा, ईंट ओवर लोड लादकर हादसे को दावत रहे हैं। आलम यह है कि कृषि कार्य के उपयोग में आने वाले ट्रैक्टर ट्रालियों से भारी माल ढोया जा रहा है। परिवहन विभाग इससे अंजान बना हुआ है।