हरियावां। थाना क्षेत्र के अरुआ गांव में शनिवार शाम एक महिला का शव घर के अंदर रस्सी के सहारे कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
अरुआ गांव निवासी नसरीना (30) का पति सलमान शनिवार को घर से बाहर गया था। शाम करीब पांच बजे वह वापस लौटा, तो देखा कि कमरे के अंदर पत्नी का शव रस्सी के सहारे छत से लटका रहा था।
उसके पिता मददू गांव में ही बने दूसरे घर में थे। सलमान ने शव उतार कर मृतका के पिता खुशी मोहम्मद निवासी गोपलापुर को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मृतका के पिता ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को दी तहरीर में मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। खुशी मोहम्मद ने बताया कि एक वर्ष पहले नसरीना की शादी सलमान से की थी।
ससुराल वाले बाइक व दो तोला सोने की चेन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर बेटी को मारपीट का प्रताड़ित कर रहे थे। एसओ अनिल कुुमार सक्सेना ने बताया कि पति सलमान समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।