हरदोई। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर आ रहीं खबरों के बीच राहत भरी खबर है। जनपद में संक्रमितों को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं।
जिला प्रशासन का दावा है कि जनपद में न तो ऑक्सीजन की कमी है और न ही सरकारी अस्पतालों में वेंटीलेटर की। जरूरत इस बात की है कि हर कोई खुद सतर्क रहे और अपने परिवार को भी सतर्क रखे।
जो भी सुरक्षात्मक उपाय, सोशल डिस्टेंसिंग से लेकर मास्क के इस्तेमाल तक के बताए जा रहे हैं, उनका पालन जरूर किया जाए।
जनपद में कोविड-19 से निपटने के लिए एल-2 के दो अस्पताल तैयार किए गए हैं।
लखनऊ रोड पर नयागांव में स्थित 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय छह अप्रैल से ही एल-2 अस्पताल के रूप में संचालित है। इसके अलावा बिलग्राम चुंगी पर स्थित कृषि महाविद्यालय को भी एल-2 अस्पताल बनाए जाने पर कार्य चल रहा है। यहां भी 100 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है।
ऑक्सीजन के 101 जंबो सिलिंडर हर वक्त उपलब्ध
सीएमओ डॉ.एसएम त्रिपाठी का दावा है कि ऑक्सीजन की कमी को लेकर सिर्फ अफवाह उड़ाई जा रही है। जनपद में ऑक्सीजन की कमी की कोई बात सामने नहीं आई है। एल-2 अस्पताल में ऑक्सीजन के 101 जंबो सिलिंडर उपलब्ध हैं।
औसतन हर रोज 30 जंबो सिलिंडर रिफिल भी किए जा रहे हैं। सीएमओ का कहना है कि ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और जरूरत पड़ने पर हर मरीज को उपलब्ध भी कराई जा रही है।
एल-2 अस्पताल में हैं 34 वेंटीलेटर
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक कोविड-19 के एल-2 अस्पताल में 34 वेंटीलेटर उपलब्ध हैं। ये सभी वेंटीलेटर चालू हालत में हैं।
कोरोना संक्रमित गंभीर मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर वेंटीलेटर उपलब्ध भी कराया जा रहा है। एल-2 अस्पताल के सीएमएस डा. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि प्राथमिक तौर पर न तो ऑक्सीजन की कमी है और न ही वेंटीलेटर की।
उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को सकारात्मक सोच रखनी चाहिए। सभी चिकित्सक भी उपलब्ध संसाधनों में पूरी तन्मयता के साथ काम कर रहे हैं।
डीएम के प्रयासों से मिले 100 रेमडेसिविर इंजेक्शन
जिलाधिकारी अविनाश कुमार के प्रयासों से जनपद को 100 रेमडेसिविर इंजेक्शन मिल गए हैं। सीएमओ डॉ.एसएम त्रिपाठी ने बताया कि देर रात ये इंजेक्शन जिले को उपलब्ध हो गए हैं।
इनका इस्तेमाल कोविड-19 अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए आवश्यकता पड़ने पर किया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि डीएम पिछले दो दिन से लगातार शासन स्तर पर रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए प्रयासरत थे।
कृषि महाविद्यालय में भी हर बेड पर रहेगा ऑक्सीजन सिलिंडर
कृषि महाविद्यालय में दूसरा एल-2 अस्पताल बनाया गया है। यहां सभी आवश्यक सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। सीएमओ का दावा है कि 100 बेड के इस अस्थाई अस्पताल में हर बेड पर एक जंबो ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध रहेगा। हर संक्रमित को ऑक्सीजन की जरूरत नहीं पड़ रही है, लेकिन हर बेड पर सिलिंडर रहेगा तो विभाग के पास बैकअप पर्याप्त होगा।