फोटो-11-नाले में गिरी रोडवेज बस
- फोटो : HARDOI
संडीला। लखनऊ-हरदोई मार्ग पर बुधवार देर रात लखनऊ से यात्रियों को लेकर हरदोई आ रही केसरबाग डिपो की बस अनियंत्रित होकर खुले नाले में घुस गई। हादसे में कई सवारियां चुटहिल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर रवाना किया।
संडीला कस्बे में हरदोई-लखनऊ मार्ग के किनारे नाला बना है। यह नाला खुला होने के कारण हादसों को दावत दे रहा है। जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
इसके चलते रात में अक्सर वाहन अनियंत्रित होकर नाले में घुस जाते हैं। बुधवार देर रात केसरबाग डिपो की बस लखनऊ से यात्रियों को लेकर हरदोई जा रही थी।
कस्बे में बस अनियंत्रित होकर नाले में घुस गई। हादसे में बस में सवार कई यात्री चुटहिल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकालकर दूसरी बस से भेज दिया। कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि सड़क सकरी होने और नाले पर पटरा न पड़े होने से हादसा हुआ है।