हरदोई। ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गैंग में शामिल होने के आरोप में लोनार कोतवाली पुलिस ने विद्युत विभाग के अवर अभियंता राम कृपाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस की इस कार्रवाई से विद्युत विभाग में खलबली मच गई है।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के गांव रामापुर रहोलिया निवासी प्रकाश चंद्र का शव 16 फरवरी को लोनार कोतवाली क्षेत्र में मुख्यमार्ग पर अधजली हालत में मिला था।
जांच में पता चला था कि प्रकाश चंद्र ट्रांसफार्मर और बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य था। 15 फरवरी की रात ट्रांसफार्मर चोरी करने के दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई थी।
गिरोह के अन्य सदस्यों ने उसका शव और बाइक लोनार कोतवाली क्षेत्र में डालकर आग लगा दी थी। पुलिस ने 21 फरवरी को इस मामले का खुलासा करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया था।
एसपी अनुराग वत्स इस मामले में यह भी जांच करा रहे थे कि चोरी के ट्रांसफार्मर कहां खपाए जा रहे हैं। इस मामले में विद्युत विभाग के अवर अभियंता राम कृपाल का नाम सामने आ रहा था।
एसपी के मुताबिक चोरी के ट्रांसफार्मर राम कृपाल के जरिए वापस स्टोर पहुंच जाते थे और फिर इन्हीं को दोबारा आवंटित कर दिया जाता था। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि रविवार को अवर अभियंता राम कृपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।