कछौना। कोतवाली क्षेत्र के देउवनपुर गांव में रविवार रात चोरों ने तीन मकानों को अपना निशान बनाया। कमरों के ताले तोड़कर तीनों मकानों से चोर 27 हजार रुपये नकद और लाखों के जेवर चुरा ले गए। सुबह पीड़ितों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
देउवनपुर निवासी दीपक मौर्य, विनोद मौर्य व उर्मिला के गांव में आसपास मकान हैं। रविवार रात सभी अपने घरों में सो रहे थे। देर रात चोर दीपक मौर्य के मकान का मेन गेट को तोड़कर अंदर पहुंचे।
चोरों ने बक्से मेें रखे 10 हजार रुपये नकद और एक लाख रुपये के जेवर चुरा लिए। यहां से चोर छत के रास्ते विनोद व उर्मिला के घर पहुंचे।
विनोद के यहां से चोरों ने पांच हजार नकद और लाखों के जेवर व उर्मिला के घर से 12 हजार रुपये की नगद व लाखों के जेवर समेट ले गए। सुबह गृहस्वामियों को चोरी की घटना की जानकारी हुई।
एक रात में तीन मकानों में हुई चोरी की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। इलाके के लोगों ने पुलिस पर रात्रि गश्त में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। एसओ संदीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-07- चोरी के बाद घर में फैला पड़ा सामान- फोटो : HARDOI