बेनीगंज। कस्बे के संडीला मार्ग पर बंद पड़े चूरा कारखाने को मंगलवार की रात चोरों ने निशान बनाया। चोर दीवार फांदकर कारखाने के पुर्जे आदि सात क्विंटल लोहे का सामान चोरी करके ले गए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
बेनीगंज कस्बा के मोहल्ला अशराफ टोला निवासी मनीष सक्सेना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि संडीला मार्ग पर उसका धान का चूरा बनाने वाला कारखाना है। जो 14 वर्षों से बंद पड़ा है।
मंगलवार की रात कारखाने के पीछे की दीवार फांदकर चोर अंदर घुसे। चोरों ने कारखाने के अंदर रखीं चार लोहे की पुली, एक शॉफ्ट, एक लोहे का भेलन, इंजन की दो हांडी, 20 बैरिंग समेत लगभग सात क्विंटल लोहे का सामान पार कर दिया।
सुबह कारखानेेे की तरफ वह गए, तो घटना की जानकारी हुई। कोतवाल इंद्रजीत सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में नहीं है। जानकारी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।