हरदोई। क्रय केंद्रों पर आधी अधूरी तैयारियों के साथ एक अप्रैल से किसानों का गेहूं खरीदा जाएगा। इसके लिए 90 केंद्र फिलहाल खुलेंगे।
नगर मजिस्ट्रेट डॉ. सदानंद गुप्ता ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में केंद्र प्रभारियों के साथ बैठक में सभी सेंटरों पर खरीद संबंधी बैनर लगाने व जानकारी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए थे।
इसके साथ ही सेंटरों पर बोरा, छन्नी, कांटा आदि बारदाना की व्यवस्था सुनिश्चित करने, किसानों के बैठने और पेयजल की सुविधा करने कहा था।
इसके बाद भी बुधवार को गल्लामंडी में खरीद केंद्रों पर यह व्यवस्थाएं नजर नहीं आईं। बता दें कि जिला प्रशासन की ओर से 15 मार्च को 40 सेंटरों की सूची जारी की थी।
इनमें से अधिकांश सेंटरों पर अब तक न तो बैनर लगाए गए हैं और न ही खरीद की तैयारियों को लेकर क्षेत्र में प्रचार किया गया है। वहीं मंगलवार को 50 और सेंटरों की सूची जारी होने के साथ ही अब कुल संख्या 90 हो गई है।
पहली सूची के केंद्रों पर हालात
पहली सूची में जिला मुख्यालय पर मंडी परिसर में 6 , शाहाबाद मंडी परिसर में 5, पिहानी मंडी परिसर में 4, सांडी मंडी परिसर में 4, माधौगंज मंडी परिसर में 4, संडीला मंडी परिसर में 2 केंद्र बनाए गए थे। इसके साथ ही फतियापुर, फर्दापुर, भदैचा, सकरा, हूसेपुर, बेहटामुर्तजा आदि की हरदोई मंडी परिसर से दूरी एवं सेंटरों के निर्धारण में किसानों की सुविधाओं पर सवाल उठा रहे हैं। पहली सूची में इनके अलावा राघवपुर न्यौली सरैया, बडागांव, सरेहरी, कासिमपुर, बेरूआ, मिरगांवा आदि गांवों के लिए भी सेंटर बनाए गए हैं। इन सेंटरों को लेकर अभी तक तैयारियां पूरी न हो सकी है।
ऐसे होगी गेहूं की खरीद
गेहूं बेंचने लिए के लिए किसानों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसमें नाम एवं खेत का रकबा आदि का विवरण भरा जाएगा। किसानों से 100 क्विंटल से अधिक गेहूं नहीं लिया जाएगा। अधिक जोत वाले किसानों से 100 क्विंटल से अधिक गेहूं क्रय करने पर जोत बही का सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाएगा ।
पिछले साल थे 119 सेंटर
पिछले वर्ष करीब 119 सेंटर विभिन्न एजेंसियों के बनाए गए थे। जिनमें 115 सेंटरों के माध्यम से 1 लाख 46 हजार एमटी गेहूं की खरीद हुई थी। डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडेय ने बताया कि 90 सेंटर बनाए जा चुके है। जहां तैयारियां पूरी नहीं हो पाई है। 31 मार्च की शाम तक वहां सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएगी। एक अप्रैल से समर्थन मूल्य 2015 प्रति क्विंटल पर खरीद की जाएगी।