हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम खजुरमई तिराहे पर सड़क पार कर रहे अधेड़ को मैजिक ने रौंद दिया। हादसेे में उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मैजिक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल से घटना की सूचना उसके परिजनों को दी।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हैबतपुर निवासी रामप्रकाश (50) मजदूरी करते थे। सोमवार को वह सुरसा के बर्रा डाल सिंह गांव स्थित रिश्तेदारी में दिवाई संस्कार (चोटी कटवाने) गए थे।
जहां से देर शाम गांव वापस आ रहे थे। बघौली थाना क्षेत्र के खजुरमई तिराहे के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार मैजिक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में सिर व पैरों में चोट आने से उनकी मौके पर मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान जेब में मिले मोबाइल से परिजनों को घटना की सूचना दी। कुछ ही देेर मेें परिजन मौके पर आ गए। एसओ सोमपाल गंगवार ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।