फोटो-22- जीत बहादुर के मकान में बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : HARDOI
मल्लावां। चोरों ने गुरुवार की रात बरहुंआ गांव में एक किसान व एक सेवानिवृत्त लेखपाल के मकान में घुसकर नकदी समेत अन्य सामान चुरा लिया। इसके बाद चोरों ने बरहुआं के एक मकान व वहां से निकलकर मजरा रामनगर बरौआ के दो घरों में घुसने का प्रयास किया, लेकिन घर के सदस्यों के जागने पर चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। बरहुंआ निवासी दोनों पीड़ितों ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरहुंआ निवासी जीतबहादुर घर पर अकेले रहते हैं। उनके दोनों बेटे अमर सिंह व जय सिंह कानपुर में रहते है। बुधवार की रात वह पास ही स्थित अपने दूसरे मकान में सोने चले गए। देर रात चोरों ने पीछे के रास्ते अंदर घुसकर कमरे के ताले तोड़ दिए और अलमारी व बक्से मेें रखे जेवर समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह जीत बहादुर घर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। जीत बहादुर ने बताया कि नुकसान की जानकारी बेटों के आने के बाद ही होगी।
चोरों ने इसके बाद पास ही स्थित सेवानिवृत्त लेखपाल रामशंकर के मकान के मेन गेट से लगे बैठक के कमरे में बाहर से पड़ा ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। परिजन घर के एक कमरे में सोए थे, दूसरे कमरे में घुसे चोर वहां रखा बक्सा उठा ले गए। सुबह आंख खुलने पर रामशंकर व परिजनों को घटना की जानकारी हुई, परिजनों ने आस पास तलाश किया तो खेत में बक्सा व कपड़े आदि पड़े मिले। रामशंकर ने बताया कि चोर बक्से में रखे 50 हजार रुपये नकद व 22 चांदी के सिक्कों समेत अन्य सामान चुरा ले गए।
इन दोनों घरों में चोरी करने के बाद चोरों ने गांव में रेलवे लाइन के किनारे स्थित केदारनाथ के घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ दिया। परिजनों के जागने पर चोर वहां से भाग गए। वहां से निकले चोरों ने पास ही स्थित गांव के मजरा रामनगर बरौहा में शिवशंकर व पूर्व बीडीसी दिलीप कुमार के मकान के मुख्य गेट में बेलचा डालकर दरवाजा/कुंडा तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन आहट होने पर दोनों जगह घर के सदस्यों के जागने पर चोर सफल नहीं हो सके। गुरुवार की सुबह जितेंद्र बहादुर व रामशंकर ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।