हरदोई। नौनिहालों के लिए स्कूल खुलते ही परिषदीय स्कूलों में रसोइयों द्वारा मध्याह्न भोजन पकाने का काम भी शुरू हो जाएगा। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण निदेशक अनामिका सिंह ने एप्रिन, दस्ताने एवं कैप पहनकर ही रसोइयों द्वारा भोजन पकाने के निर्देश दिए हैं।
जिला समन्वयक मिड डे मील मयंक त्रिपाठी ने बताया कि जिले में प्राइमरी स्कूल में कक्षा एक से लेकर पांच तक करीब तीन लाख 54 हजार 575 छात्र-छात्राएं हैं। कक्षा छह से आठ में एक लाख 43 हजार 948 छात्र-छात्राएं हैं। 23 अगस्त से कक्षा छह से आठ तक के विद्यालय खुल रहे हैं तो एक सितंबर से कक्षा एक से पांच तक के विद्यालय भी खुल जाएंगे।
भोजन पकाने को लेकर मध्याह्न भोजन प्राधिकरण निदेशक ने निर्देश जारी किए हैं कि रसोइयों या उनके परिवार के सदस्यों सेे यह लिखवाया जाए कि परिवार में कोई कोरोना संक्रमित नहीं है। उन्हें कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया जाए। बर्तनों को प्रयोग करने से पूर्व अच्छी तरह से धोया जाए। मध्याह्न भोजन योजना में गठित टास्क फोर्स द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए और आख्या भेजी जाए।