पाली। पाली कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। अस्पताल में कुछ ही देर में प्रसूता की मौत हो गई। मौत के बाद मृतका के परिजनों ने हंगामा किया।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम अतर्जी अंचित तिवारी की शादी लगभग एक वर्ष पहले अलियापुर निवासी रमाकांत शुक्ला की पुत्री अंकिता (25) के साथ हुई थी। अंकिता गर्भवती थी। अंकिता के पति अंचित दिल्ली में मजदूरी करते हैं। पिछले कुछ दिनों से वह मायके में थी। गुरुवार की रात अंकिता को प्रसव पीड़ा होने पर मायके पक्ष के लोग ससुराल छोड़ गए। शुक्रवार को ससुरालीजनों ने अंकिता को पाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां शुक्रवार की दोपहर अंकिता ने पुत्री को जन्म दिया। प्रसव के बाद अंकिता की तबीयत बिगड़ गई। इस पर उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन ससुरालीजन उसे कस्बे के ही एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। जहां कुछ देर बाद ही अंकिता की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने प्राइवेट अस्पताल में हंगामा भी किया।
पाली के प्रभारी निरीक्षक बेणीमाधव त्रिपाठी ने घटना के संज्ञान में होने की बात कहते हुए कहा कि कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।