हरदोई। डीएम के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में गठित घर घर सुविधा योजना के नियंत्रण कक्ष समेत योजना के क्रियान्वयन के लिए नामित किए गए तीन अधिकारियों के पास बुधवार की शाम से लेकर गुरुवार दोपहर तक लगभग एक सैकड़ा से अधिक लोगों ने अलग-अलग समस्या को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। किसी ने क्षेत्र में जरूरत की चीजों की दुकान बंद होने की बात कही, तो किसी ने बताया कि वह दवा समेत अन्य कोई जरूरत का सामान लेने निकल रहे हैं तो पुलिस उन्हें रोक रही है। यही नहीं लोगों ने कहीं आटा चक्की बंद होने तो कहीं सभी प्रकार की दुकानें बंद होने की शिकायतें भी दर्ज कराईं। एडीएम संजय कुमार सिंह ने बताया कि जो भी शिकायतें आ रही हैं, उनको रिकार्ड कर संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों से उनका जल्द से जल्द निस्तारण कराया जा रहा है। घर घर सुविधा योजना के तहत जल्द ही लोगों तक जरूरत का सामान पहुंचने लगेगा।
एडीएम कार्यालय में स्थापित किए गए कोरोना वायरस सूचना कंट्रोल रूम में लगातार सूचनाएं दर्ज की जा रही हैं। बीते 24 घंटे के अंदर ही अलग-अलग जगह से लगभग 28-30 काल आईं, जिनमें ग्रामीणों ने बाहर जनपदों से आने वालों की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद संबंधित एसडीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य टीमों ने मौके पर जाकर बाहर से आए लोगों की जांच की।