शाहाबाद। कस्बे में पाली बाईपास के पास संचालित अस्पताल में दो माह पूर्व हुई प्रसूता की मौत के मामले में सीएचसी अधीक्षक की तहरीर पर संचालक के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की।
सीएचसी अधीक्षक डॉ.एमपी जायसवाल ने बताया कि कस्बा में रिलीफ हॉस्पिटल एवं मैटरनिटी सेंटर के नाम से बिना पंजीकरण के अस्पताल का संचालन किया जा रहा था।
अप्रैल में आगमपुर गांव निवासी रोशनी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उसे इस अस्पताल मेें भर्ती कराया था। जहां पर बच्चे को जन्म देने के बाद रोशनी की तबीयत बिगड़ गई थी।
इसके बाद अस्पताल संचालक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जहां पर रोशनी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने अस्पताल संचालक पर गलत तरीके से प्रसव करने से मौत होने का आरोप लगाया था।
मामले को संज्ञान में आने पर एसडीएम सौरभ दुबे व उन्होंने अस्पताल को सीज करा दिया था। सीएमओ के निर्देश पर गुरुवार को उन्होंने अस्पताल संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल सुरेश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।