हरदोई। ब्लाक भरावन की ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों में 18 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता मिली है। ब्लाक कार्यालय में डीडीओ की सोशल ऑडिट सभा की समीक्षा बैठक में यह मामला सामने आया है।
कहीं साइन बोर्ड तो कहीं सिटीजन इनफार्मेशन बोर्ड (सीआईबी) के नाम पर फर्जी भुगतान किए गए। कुछ ग्राम पंचायतों में खर्च से अधिक बिल भुगतान कराया गया। डीडीओ अजय प्रताप सिंह ने प्रधान, सचिव व रोजगार सेवकों को एक सप्ताह के अंदर अपना जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
समीक्षा बैठक में हर्षवर्धन सिंह, सर्वेश मिश्र, मान सिंह, राजेंद्र पाल, अभिषेक रंजन, राजकुमार दीक्षित, दीप वर्मा, शेषनाथ, सचिव व रोजगार सेवक मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत और अनियमित भुगतान की राशि
गोनी में सीआईबी के नाम पर एक लाख पांच हजार रुपये
बम्हनौआ पेंग में कैटल शेड के नाम पर 78 हजार 662 रुपये
बम्हनौआ टिकरा में खड़ंजा निर्माण पर 93 हजार 788 रुपये का अधिक भुगतान
छतिहा रामपुर में मांझगांव ग्राम पंचायत का कार्य दिखाकर 93 हजार 164 रुपये का फर्जी भुगतान
डांडा में साइन बोर्ड के नाम पर 5000 रुपये का फर्जी भुगतान
ढिकुन्नी में गोशाला में खाई खोदाई के नाम पर एक लाख 66 हजार 210 रुपये का अधिक भुगतान
दुलानगर में पराली खाद के गड्ढे के नाम पर 4 हजार 221 रुपये का फर्जी भुगतान
ऐरा काकेमऊ में खड़ंजा के नाम पर 89 हजार 559 रुपये फर्जी भुगतान
हाजीपुर में फर्जी जॉब कार्ड बनाकर 65 हजार 124 रुपये का फर्जी भुगतान। पांच खड़ंजा व संपर्क मार्ग के कार्यों पर 4 लाख 7 हजार 298 रुपये का फर्जी भुगतान
कटियार में मिट्टी कार्य के नाम पर दो लाख 84 हजार 13 रुपये का फर्जी भुगतान
पिपरी नरायनपुर में फर्जी जॉब कार्ड बनाकर 94 हजार 470 रुपये का फर्जी भुगतान। दो खड़ंजा कार्यों पर एक लाख 52 हजार 264 रुपये का फर्जी भुगतान
सागरगढ़ी में साइन बोर्ड के नाम पर पांच हजार रुपये व किरला में साइन बोर्ड के नाम पर 20 हजार रुपये फर्जी भुगतान