हरदोई। जिला अस्पताल की ओपीडी में गुरुवार की सुबह मरीज को बाहर की जांचें लिखने पर डॉक्टर व तीमारदार में नोंकझोंक हो गई। गुस्से में आपा खोई डॉक्टर ने मानवता की हदें पार कर मरीज का पर्ची के टुकड़े-टुुकड़े कर दिए।
जिससे तीमारदार व डॉक्टर में फिर से बहस हो गई। इस पर मरीज के साथ आए तीमारदारों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे स्टाफ ने समझाकर मामला शांत कराया।
जिला अस्पताल केे सर्जिकल वार्ड में पिछले कई दिनों से एक मरीज भर्ती है। गुरुवार की सुबह मेडिकल कॉलेज की जेआर डॉ.मीता वार्ड में राउंड करने आईं थीं। डॉक्टर ने एक पर्ची पर बाहर की जांचें लिख दीं।
इसके बाद डॉक्टर वहां से ओपीडी में मरीजों को देखने चलीं गईं। तीमारदार उमेश यादव के मुताबिक वह जांच की पर्ची लेकर ओपीडी में डॉक्टर के पास गया। उसने आर्थिक तंगी का हवाला देकर बाहर की जांचें नहीं करा पाने की बात कही।
इतने में डॉक्टर भड़क गईं, डॉक्टर ने तीमारदार के हाथ से पर्ची छीनकर उसके टुकड़े-टुकड़े कर दिए। डॉक्टर के इस रवैये से नाराज तीमारदार ने हंगामा शुरू कर दिया। डॉक्टर व तीमारदार के बीच नोंकझोंक होने पर भीड़ लग गई।
शोर सुनकर मौके पर आए अन्य डॉक्टरों ने समझाकर मामला शांत कराया। वहीं डॉक्टर का कहना था कि उन्होंने मरीज की दिक्कतों को देखते हुए एक पर्ची पर बाहर की जांचें लिखीं थीं।
पीड़ित ने सीएमएस से शिकायत की। सीएमएस डॉ.जेएन तिवारी ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच करनेे के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।