पिहानी। अस्पताल के सामने खुली चाय की दुकानों को शुक्रवार रात पुलिस ने दुकानदारों के साथ मारपीट करके बंद करा दीं। इससे दुकानदारों के साथ ही व्यापारी संगठनों में रोष है।
वहीं अस्पताल में प्रसूताओं के साथ रुके तीमारदारों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। एसएसआई रमेश सेंगर का कहना है। इन दुकानों पर अराजक तत्व जमा होते हैं, जिसके चलते इन्हें रात के समय बंद रखने के लिए कहा गया है।
पिहानी सीएचसी पर जिला अस्पताल के बाद सबसे ज्यादा प्रसव होते हैं। इस कारण स्वास्थ्य विभाग ने इसे एफआरयू की श्रेणी में रखा है। इसके चलते यहां रात के समय भी प्रसव होते हैं।
प्रसूताओं के साथ आने वाले तीमारदारों को चाय पानी को आवश्यकता होती है, जिसके चलते यहां कई दुकानदारों ने चाय पानी की दुकानें खोल रखी हैं। शुक्रवार रात तकरीबन 10 बजे एक दारोगा ने दुकानदारों को वर्दी की हनक दिखाते हुए दुकानें बंद करवा दीं।
आरोप है कि कुछ दुकानदारों को हड़काते हुए तमाचे भी मारे। इस घटना से दुकानदारों में रोष है। उधर इस मामले को लेकर उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष प्रियंक दीक्षित ने कहा कि यह मामला गंभीर है। वह बाहर हैं, वापस आकर दुकानदारों से मिलकर उनकी आवाज उठाएंगे।