फोटो-20- मृतक पीयूष की फाइल फोटो।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। सीतापुर मार्ग पर रेलवे ओवर ब्रिज पर सोमवार की सुबह तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे एक निजी अस्पताल के कंप्यूटर आपरेटर की मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा पिता बाल-बाल बच गया। पुलिस का कहना है कि युवक के परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
देहात कोतवाली क्षेत्र के महोलिया शिवपार गांव निवासी पीयूष तिवारी (26) शहर के एक निजी अस्पताल में कंप्यूटर ऑपरेटर था। सोमवार की सुबह वह पिता व्यास मुनी को बाइक से रोडवेज बस स्टेशन पर छोड़ने जा रहा था।
सीतापुर मार्ग पर स्थित रेलवे ओवर ब्रिज पर सामने से आ रही बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पीयूष के सिर में चोट लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि उसका पिता बाल-बाल बच गया।
हादसे के बाद चालक मौके से कार लेकर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चलाते वक्त पीयूष हेलमेट नहीं लगाए था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस व परिजन पीयूष को जिला अस्पताल ले गए।
वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीयूष के परिवार मेें पत्नी कंचन व एक बेटा है। कोतवाली प्रभारी दीपक शुक्ला ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-21- मोर्चरी के बाहर मौजूद परिजन। संवाद- फोटो : HARDOI