हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में बावन मार्ग पर समुदा गांव के पास मंगलवार की देर शाम आगे जा रही बाइक में पीछे से आए बाइक सवार ने टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक में पीछे बैठी सास की सड़क पर गिरकर मौत हो गई। जबकि उसका दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने गांव के एक युवक पर रंजिश के चलते टक्कर मारने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम केहरीपुरवा निवासी चंदा उर्फ चमेली (50) के पति धनीराम बीते दिनों हुई मारपीट मेें घायल हो गए थे। मंगलवार की शाम वह चंदा पति की दवा लेने दामाद रामबरन के साथ बाइक से शहर आ रही थी।
रास्ते में शहर कोतवाली क्षेत्र में बावन मार्ग पर समुदा गांव के पास पीछे से आई दूसरी बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक में पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई।
जिससे उसके सिर पर चोट आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका दामाद रामबरन गंभीर रूप से घायल हो गया। वह हेलमेट नहीं लगाए था। जबकि दूसरी बाइक सवार मामूली रूप से घायल होने पर मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मृतका के शव को कब्जे लेकर परिजनों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने गांव के एक युवक पर रंजिश में बाइक से टक्कर मारने का आरोप लगाया। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।