हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के होशियापुर गांव में पत्नी से झगड़कर किसान ने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान उसने दम तोड़ दिया।
ग्राम होशियापुर निवासी पीयूष (26) खेती करता था। एक वर्ष पूर्व बिलग्राम कस्बा के मोहल्ला रफैयतगंज निवासी अरूणा के साथ उसकी शादी हुुई थी।
परिजनों के मुताबिक मंगलवार को पीयूष का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिससे नाराज होकर पीयूष ने घर में रखा जहर खा लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजन उसे अस्पताल ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था कर रहे थे। इस दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एसओ अरविंद यादव ने बताया कि घरेलू कलह मेें युवक ने आत्महत्या की है। घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।