हरदोई के सांडी में तेंदुए के अचानक हमला करने से इलाकाई लोगों में दहशत फैल गई है। लोगों ने खुद को कमरों में बंद कर लिया है और वन विभाग की टीम के आने का इंतजार कर रहे हैं।
हरदोई में मोहल्ला नवाबगंज में रविवार की दोपहर तेंदुए ने मकान के कमरे में बैठे परचून के दुकानदार को घायल कर दिया। घर में घुसा तेंदुआ मकान में ही छिपकर बैठ गया। करीब साढ़े तीन घंटे बाद युवकों की मदद से घायल दुकानदार समेत 17 लोगों को बाहर निकाल लिया गया।
विज्ञापन
अभी भी तीन महिलाएं और एक बच्ची मकान में ही है और तेंदुआ भी इसी मकान के दूसरे हिस्से में छिपा है। लखनऊ से वाइल्ड केयर विभाग की राहत टीम को बुलाया गया है। रविवार की दोपहर लगभग एक बजे मोहल्ला नवाबगंज स्थित बिजली उपकेंद्र में तेंदुए को घूमते हुए देखा गया तो पास ही स्थित परचून के दुकानदार सुनील वाजपेयी के मकान में भीड़ लग गई।
यह उपकेंद्र दुकानदार सुनील वाजपेयी के मकान के पिछले हिस्से से लगा है। इसी बीच झाड़ियों से निकले तेंदुए ने सीधे मकान की दूसरी मंजिल पर छलांग लगाकर कमरे में मौजूद सुनील वाजपेयी को घायल कर दिया।
विज्ञापन
इसपर मौजूद अन्य लोगों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया, जबकि तेंदुआ घर के दूसरे हिस्से में घुस गया। इससे पूरे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वन विभाग और उच्चाधिकारियों को भी सूचना दी गई।
तेंदुए के छिपे होने वाले मकान में ही 21 लोगों के होने की जानकारी से सभी दहशत में आ गए। पहले वन विभाग की टीम का इंतजार करते रहे, लेकिन इसी बीच सुनील वाजपेयी की हालत बिगड़ने का पता चला। तो पालिकाध्यक्ष के प्रतिनिधि अनिल गुप्ता ने कुछ युवकों की टोली तैयार की।
पड़ोसी मकान से यह टोली अंदर घुसी। इस टोली ने सुनील वाजपेयी समेत 17 लोगों को सकुशल निकाल लिया। अभी भी तीन महिलाएं और एक बच्ची मकान में ही हैं और इसी मकान के दूसरे हिस्से में तेंदुआ है।
घायल सुनील वाजपेयी को सीएचसी सांडी ले जाने के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि हरपालपुर वन रेंज के ग्राम बघराई में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए के पदचिह्न मिल रहे थे। इससे इलाके में दहशत बनी हुई थी।
दीवार में छेद कर तेंदुए की टोह लेने की तैयारी
देर रात नवाबगंज में लखनऊ से आई वाइल्ड केयर विभाग की टीम ने मकान में छिपे तेंदुए को बाहर निकालने की कवायद शुरू कर दी है। टीम मकान की दीवार में छेद कर टोह लेने की तैयारी की है। इससे पहले टीम के तीनों सदस्यों ने पूरे मकान का बाहर से जायजा लिया।
इसके बाद मकान के पीछे की ओर पावर हाउस के परिसर का भी जायजा लिया। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक टीम ने दीवार में छेद कर मकान के अंदर जाने की रणनीति बनाई है, लेकिन अभी इस पर अमल शुरू नहीं हुआ है। जिस मकान में तेंदुआ छिपा है, उसकी दीवारों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। फिलहाल भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है और आसपास से भीड़ को पूरी तरह से हटा दिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि देर रात टीम अपनी कवायद को रफ्तार देगी।
साढ़े छह घंटे बाद लखनऊ से पहुंची टीम
लखनऊ की वाइल्ड केयर यूनिट की विशेषज्ञ टीम तेंदुए के हमले के लगभग साढ़े छह घंटे बाद सांडी पहुंची। वन्य जीव विशेषज्ञ डॉ. बृजेश शुक्ला के नेतृत्व वाली टीम में कुल तीन लोग हैं। मौके पर पहुंचते ही टीम ने मोर्चा संभाल लिया और तेंदुए की लोकेशन पता करने की कवायद शुरू कर दी।
इस सबके बीच एसडीएम बिलग्राम एपी श्रीवास्तव, सीओ बिलग्राम विशाल यादव और पांच थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक जिस मकान में तेंदुआ है उसके आस पास से भीड़ हटाई जा रही है। रात में बहुत अधिक कार्य होने की उम्मीद कम है, लेकिन तड़के ही ऑपरेशन शुरू होने की तैयारी भी चल रही है।
सांडी कस्बे के मोहल्ला नवाबगंज में सुनील बाजपेई के घर में लखनऊ से वाइल्ड लाइफ केयर विभाग की टीम आने के बाद एक बार फिर कस्बे के उत्साही युवाओं की टोली घर के अंदर गई है। युवा तेंदुए की टोह लेने की कोशिश कर रहे हैं।