हरदोई। प्राथमिक स्कूल मंझिगवा में मिड-डे-मील में खराब सब्जियों के इस्तेमाल का वीडियो वॉयरल होने के बाद प्रधानपति व प्रधानाध्यापक में विवाद गहरा गया है। प्रधानति राजेश ने खाने की जांच करने की बात कही थी। वहीं, प्रधानाचार्य अनीता यादव ने प्रधानपति पर तहमद व बनियान पहनकर स्कूल आने व अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी।
गुरुवार को इस मामले में दो और वीडियो वॉयरल हुए हैं। एक वीडियो में प्रधानपति राजेश तहमद और बनियान में स्कूल में महिला शिक्षकों के सामने घूमते व खाने की जांच करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक अन्य वीडियो में वह प्रधान पति खुद तहमद व बनियान पहनकर स्कूल जाने की बात स्वीकार करते दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि लोगों के शिकायत करने पर वह अचानक उनके साथ विद्यालय गए थे। वहीं प्रधानाध्यापक का कहना है कि प्रधानपति द्वारा स्कूल की बाउंड्रीवाल पर शौचालय की दीवार खड़ी की जा रही है, इसको लेकर वह अधिकारियों से पूर्व में ही शिकायत कर चुकी हैं। प्रधानपति द्वारा इसी रंजिश के चलते ऐसा वीडियो वायरल किया गया है। बीईओ पवन सिंह ने बताया है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।