हरदोई। पाली नगर पंचायत के वाहनों का इस्तेमाल बालू के अवैध खनन में किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद अब संबंधित चारों वाहनों के चालकों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं हैं। हालांकि जिम्मेदार अभी इस बात पर चुप्पी साधे हैं कि इस वाहन किसके इशारे पर और किसके लिए खनन कर रहे थे।
बीते शनिवार की सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में गुटकामऊ-चकमार्ग के पास गर्रा नदी के किनारे नगर पंचायत की जेसीबी से ही खनन किया जाता दिख रहा था। जेसीबी के साथ ही नगर पंचायत की तीन ट्रैक्टर ट्रालियां भी मौके पर बालू भरती नजर आ रही थीं। अमर उजाला ने 22 अगस्त के अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। वायरल वीडियो को लेकर नगर पंचायत ने संबंधित जेसीबी चालक और तीनों ट्रैक्टर ट्रालियों के चालकों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण तलब किया था। नोटिस का जबाव न मिलने पर मंगलवार को नगर पंचायत अध्यक्ष दीपा अवस्थी ने जेसीबी चालक राज कुमार, ट्रैक्टर चालक रिजवान, मदन सिंह और राजाबाबू की सेवाएं समाप्त कर दीं। चारों कर्मचारी सेवा प्रदाता कंपनी के जरिए नगर पंचायत में तैनात किए गए थे। कर्मचारियों की बर्खास्तगी कर नगर पंचायत प्रशासन ने सख्त रुख अपनाने की मंशा जाहिर की है, लेकिन खनन कौन करा रहा था, बालू कहां जा रही थी और किसके इशारे पर यह सब हो रहा था जैसे सवाल अनुत्तरित ही हैं।