हरदोई। तीन वर्ष पूर्व शिक्षक भर्ती प्रक्रिया और अभिलेखों की वापसी में गड़बड़ी की लोकायुक्त से हुई शिकायत के बाद पुष्टि होने पर अब बीएसए के स्टेनों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें डायट सीतापुर से संबद्ध कर किया गया है। इस मामले में बेसिक शिक्षा परिषद के चार लिपिकों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
इस बार अपर शिक्षा निदेशक बेसिक ललिता प्रदीप की ओर से बेसिक शिक्षा विभाग को जारी पत्र में बताया गया कि सिकरोहरी निवासी राम निवास शर्मा ने वर्ष 2018 में लोकायुक्त से कई बिंदुओं को समाहित करते हुए शिक्षा विभाग की शिकायत की थी कि जिसकी महानिदेशक स्तर से जांच हुई। कई बार जांच व सुनवाई होने के बाद महानिदेशक स्तर से जिले में शिक्षक भर्ती 10 हजार, 15 हजार, 16448 एवं शिक्षक भर्ती 728525 मेें अभ्यर्थियों के सत्यापन रख रखाव एवं प्रेषण व वापसी में सक्षम स्तर से अनुमोदन नहीं प्राप्त किया। यही नहीं नियुक्ति संबंधी नियमावली में रोस्टर के विपरीत शिक्षकों का पदस्थापन किया जाना पाया गया। संलिप्तता पाए जाने पर बेसिक शिक्षा विभाग में बीएसए के स्टेनो राधाकृष्ण वर्मा को भी निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उन्हें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सीतापुर से संबद्ध किया गया है। प्रकरण की जांच मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक को सौंपी गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीपी सिंह ने बताया कि कार्रवाई अपर शिक्षा निदेशक बेसिक ललिता प्रदीप के द्वारा शासन स्तर पर ही करके उन्हें अवगत कराया गया है।
इससे पूर्व चार हो चुके निलंबित
हरदोई। इसी शिकायत में इससे पूर्व बीएसए कार्यालय के कनिष्ठ सहायक अनुपम मिश्र को निलंबित कर दिया गया है और उनको राजकीय इंटर कॉलेज, हरदोई से संबद्ध किया गया है। वरिष्ठ सहायक ऋतुराज गौतम जो मौजूदा समय में जीजीआईसी में तैनात हैं उनको दोषी पाया गया उनको विभागीय नियमानुसार निलंबित कर जीजीआईसी से संबद्ध कर दिया गया। वरिष्ठ सहायक विवेक श्रीवास्तव को भी निलंबित कर दिया गया है। उनको जीआईसी हरदोई से संबद्ध किया गया है। इससे पहले लिपिक प्रवीण मिश्रा को भी निलंबित किया जा चुका है।