हरदोई। प्रधानी के चुनाव होने के बाद अक्सर अपनों को रसोइयों के पदों पर लगाने की होड़ इस बार नहीं मचेगी। गंवई राजनीति की भेंट जिले की 10,352 रसोइया नहीं चढ़ेंगी। मिड डे मील प्राधिकरण ने नवीन चयन पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। पिछले सत्र की रसोइयों से ही शिक्षा विभाग को काम लेना होगा।
कोरोना संक्रमण के चलते दूसरे वर्ष भी मिड डे मील के रसोइयों की संविदा नवीनीकरण को प्राधिकरण द्वारा स्थगित कर दिया गया है। शैक्षिक सत्र 2021-22 में पिछले सत्र में परिषदीय स्कूलों में कार्यरत रसोइया ही दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इनको हटाया नहीं जाएगा यदि हटाने की जरूरत ही होगी तो बाकायदा नोटिस दिया जाएगा। उसके बाद हटाए जाने की कार्रवाई विभागीय अनुमति के आधार पर होगी।
जिले में 3584 विद्यालयों में करीब चार लाख 98 हजार 523 बच्चों के भोजन के लिए 10352 रसोइया तैनात हैं। पिछले वर्ष के बाद इस वर्ष भी बच्चों के लिए स्कूलों में फिलहाल अभी भोजन नहीं बन रहा है। बच्चों को कोटे की दुकान से ही राशन दिया जा रहा है। इस संबंध में जिला समन्वयक मिड डे मील मयंक त्रिपाठी ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से जिले के शिक्षा विभाग को निर्देश प्राप्त हो गए हैं, उन्हीं निर्देशों के अनुसार ही पालन कराया जाएगा।
रिक्त पदों पर चयन कराने की होगी अनुमति
जिला समन्वयक ने बताया कि यदि कहीं पर रसोइया जो पहले से हैं वह छोड़ कर चली गईं हैं तो उन पदों पर नियुक्ति के लिए आला अधिकारियों के निर्देश पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी ऐसी कोई समस्या नहीं है क्योंकि स्कूलों में बच्चों के लिए अभी कोई भोजन नहीं पक रहा है।
रसोइयों के चेहरों पर खुशी
नाम न बताने की शर्त पर रसोइयों का कहना है कि हर साल उनका कार्य व व्यवहार के आधार पर नवीनीकरण होता है पर अक्सर चुनाव के बाद देखा गया है कि प्रधान अपने जानने वालों को लाभ देने के चक्कर में गरीब रसोइयों का नुकसान करते हैं। उनकी संविदा समाप्त कर दूसरों का चयन रसोइया पद पर करवाते हैं।