पिहानी ब्लाक मुख्यालय में पंजिका देखते डीपीआरओ गिरीशचंद्र। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीश चंद्र ने बुधवार को पिहानी ब्लॉक मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एडीओ पंचायत मौजूद मिले, लेकिन दोनों खंड प्रेरक और कंप्यूटर ऑपरेटर गैरहाजिर मिले। तीनों को नोटिस जारी कर जवाब- तलब किया गया है।
डीपीआरओ गिरीश चंद्र बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने उपस्थिति पंजिका देखी, तो ब्लॉक में तैनात खंड प्रेरक वचनेश त्रिवेदी और अभिषेक शुक्ला के साथ ही कंप्यूटर ऑपरेटर मकसूद खां भी गैरहाजिर मिले। मकसूद खां के हस्ताक्षर 24 फरवरी तक उपस्थिति पंजिका पर थे, लेकिन इसके बाद कोई हस्ताक्षर नहीं हैं। कार्यालय में भ्रमण रजिस्टर भी नहीं बनाया गया। शौचालयों की कोई सत्यापन आख्या भी मौके पर मौजूद नहीं मिली। ग्राम सचिवों की ओर से बेसलाइन सर्वे के लिए भेजी गई सूची भी नहीं मिली। डीपीआरओ ने तीनों कर्मचारियों को नोटिस जारी कर दो दिन के अंदर जवाब देने को कहा है। जवाब संतोषजनक न होने पर विभागीय कार्यवाई किए जाने की चेतावनी भी दी है।
शौचालय बने, नहीं खुले ताले
पिहानी से वापस हरदोई जाते समय जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीश चंद्र ने टड़ियावां विकास खंड के ग्राम पूरा बहादुर में बने सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया। शौचालय में ताला पड़ा देख डीपीआरओ सकते में आ गए। उन्होंने जानकारी जुटाई तो पता चला कि सामुदायिक शौचालय का संचालन नही शुरू नहीं हुआ है। संचालन के लिए केयरटेकर की तैनाती भी अभी तक नहीं की गई है, जबकि केयरटेकर की तैनाती स्वयं सहायता समूह की महिलाओं में से की जानी है। डीपीआरओ ने बताया कि टड़ियावां के एडीओ पंचायत और पूरा बहादुर के ग्राम सचिव को नोटिस जारी की गई है। स्पष्टीकरण मिलने पर आगे की कार्रवाई की जएगी।