हरदोई। ज्येष्ठ माह के तीसरे मंगलवार को खेतुई बाला जी महाराज सहित समस्त हनुमान मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिलीं। भक्तों ने बाबा की आरती की और लड्डुओं का भोग लगाया। कोरोना के भय को दूर रखते हुए भक्तिमय माहौल में श्रद्धालु कतारबद्ध नजर आए।
तीसरे बड़े मंगलवार को सुबह से ही श्री बाला जी के दरबार में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ दिखी। हर बार से कहीं अधिक श्रद्धालुओं की कतार दिखी तो मंदिर व्यवस्थापकों ने कार्यकर्ताओं की संख्या को बढ़ाना पड़ा ताकि नियमों का पालन कराया जा सके। कतारों के बीच-बीच में सदस्यों ने हाथों को सैनिटाइज कराया व मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने की अपील करते रहे। हालांकि नियमों का पालन नहीं हो सका। न तो सोशल डिस्टेंसिंग ही कहीं से देखने को मिली और अधिकांश श्रद्धालु मास्क भी नहीं पहने दिखे।
खेतुई बाला जी के साथ-साथ बड़े चौराहे, सिनेमा चौराहे, नुमाइश चौराहे सहित विभिन्न चौराहों एवं मंदिरों पर सिर्फ श्री हनुमान के जयकारे ही लगते सुनाई दिए। दिन भर पूजन अर्चन का कार्यक्रम चलता रहा जो देर शाम तक जारी रहा। इसके साथ ही जगह-जगह आयोजित भंडारों में पूड़ी सब्जी आदि का वितरण किया गया। लोगों ने प्रेम एवं श्रद्धा भाव के साथ ग्रहण इसे किया। सिद्धिश्वर नाथ मंदिर, बाबा विश्वनाथ मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर, शिवभोले मंदिर, मौनी बाबा मंदिर, हनुमान मंदिर सिनेमा चौराहा आदि मंदिरों में हनुमान लला के दर्शन पाने के लिए भक्तों की भीड़ दिन भर उमड़ी रही।
भक्तों ने ग्रहण किया भंडारे का प्रसाद
शहर के सिनेमा चौराहे के पास श्रद्धालुओं ने भंडारे का आयोजन किया। दिन भर चले भंडारे में श्रद्धालुओं को पूड़ी सब्जी आदि प्रसाद का वितरण किया जाता रहा। इस मौके पर श्रीराम कृष्णा त्रिपाठी, नृपेंद्र त्रिपाठी, प्रियम मिश्रा, सुनील त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। इसके अलावा अस्पताल गेट पर पूर्व सैनिकों के द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया इसमें अशोक कुमार अग्रिहोत्री, उमेश यादव, कमलेश दीक्षित आदि ने राहगीरों को भोज का वितरण किया। इसी क्रम में बघौली में राजेंद्र सिंह मेमोरियल सोसाइटी के द्वारा भंडारा आयोजित हुआ। इसमें परीक्षित सिंह, दीपू, विजय सिंह द्वारा प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर संजू सिंह, विजय गुप्ता, कुमुद राज, विनोद आदि मौजूद रहे।