हरदोई। तहसील के सभी अधिवक्ता संगठनों ने सर्वसम्मति से 13 अगस्त तक न्यायिक कार्यों से विरत रहने की घोषणा की है। भीषण गर्मी में बिजली कटौती होने समेत अन्य समस्याओं के कारण यह निर्णय लिया गया है।
अधिवक्ता वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सियाराम यादव ने प्रेस विज्ञप्ति के जरिए बताया कि एक बैठक आयोजित की गई। इसमें कहा गया है कि भीषण गर्मी में बिजली कटौती मुसीबत बन रही है। इसके अलावा अधिकांश वादकारी, खरीफ की फसलों में व्यस्त हैं और अधिकारी भी गंगा एक्सप्रेसवे की भूमि अधिग्रहण के कार्य में लगे हैं। ऐसे में वादकारी अगर आते भी हैं तो उन्हें तारीख ही मिल पाती है। अधिवक्ता कल्याण एसोसिएशन और अधिवक्ता संघ बिलग्राम ने भी इस पर सहमति जताई। अब अधिवक्ता 13 अगस्त तक न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। (संवाद)