हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम कोठिला के निकट सुखेता नदी में नहाने के दौरान बीएससी का छात्र डूब गया। परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे निकाला। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
ग्राम कोठिला निवासी कुशल तिवारी (19) गुरुवार शाम लगभग साढ़े चार बजे गांव के निकट ही स्थित सुखेता नदी में अपने तीन दोस्तों के साथ गया था। पिता मनोज तिवारी के मुताबिक वह ऊपर से नदी में कूदा लेकिन फिर ऊपर नहीं आ सका। मौके पर मौजूद लोगों ने नदी में छलांग लगाकर उसे खोज निकाला। इस बीच घटना की जानकारी पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। आनन फानन ही परिजन उसे लेकर जिला चिकित्सालय जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। कुशल दो भाइयों में छोटा था और सांडी के एक प्राइवेट महाविद्यालय में बीएससी का छात्र था।