हरदोई। फाइनेंस कंपनी के एक कर्मी ने दो साथियों व तीन दुकानदारों के साथ मिलकर कंपनी के नाम पर 20 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा किया। फर्जी दस्तावेजों पर घरेलू उपकरणों के लिए 61 लोन पास किए गए और राशि बंदरबांट हुआ। कंपनी के अधिकारी ने गुरुवार को कोतवाली में सभी छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
बजाज फाइनेंस लिमिटेड के रिकवरी मैनेजर कुलदीप यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कंपनी ग्राहकों को घरेलू उपकरण खरीदने के लिए डीलरों के माध्यम से ऋण मुहैया कराती है। संडीला क्षेत्र में डीलरों के माध्यम से दिए गए कुछ ऋणों की समय पर अदायगी न होने पर जांच की तो पता चला कि कंपनी के अनुबंधित अधिकृत कर्मचारी कानपुर के नौबस्ता, आनंद विहार कॉलोनी निवासी ब्रजमोहन निवासी ने कस्बे के मोहल्ला सुम्बा बाग निवासी अभिषेक कुमार मिश्रा व विमलेंद्र के साथ मिलकर बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा किया है। इसमें फर्जी दस्तावेज लगाकर 20 लाख रुपये की कीमत के 61 लोन पास कर दिए।
इसमें फर्म अग्रवाल नेटवर्क के प्रोपराइटर अनुपम अग्रवाल के माध्यम से 35, गणपति इंटरप्राइजेज सदर बाजार के प्रोपराइटर पंकज कुमार के माध्यम से 21 व सदर बाजार स्थित स्टैंडर्ड इलेक्ट्रॉनिक के प्रोपराइटर नसीम खां के माध्यम से पांच लोन स्वीकृत कराए गए। बताया कि कर्मी ने स्वीकृत कराई गई लोन राशि का आपस में बंदरबांट किए जाने की पुष्टि की है।
कोतवाल संडीला सुरेश कुमार मिश्र ने बताया कि कंपनी के अधिकारी की तहरीर पर सभी छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दो आरोपियों ब्रजमोहन व विमलेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।