आरआर इंटर कालेज, बाल विद्या भवन पब्लिक स्कूल के पूर्व प्रबंधक स्व. राकेश विक्रम सिंह की स्मृति में आयोजित राकेश विक्रम मेमोरियल डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट टूर्नामेंट के दौरान बुधवार को गुरु गोरखनाथ पब्लिक स्कूल और राजेंद्र सिंह इंटर कालेज के बीच मैच खेला गया। जिसमें बेहतरीन बल्लेबाजी, गेंदबाजी करते हुए गुरु गोरखनाथ के खिलाड़ियों ने मैच अपने नाम कर लिया।
क्रिकेट मैच का शुभारंभ वरिष्ठ अधिवक्ता त्रिलोकी सिंह गौर ने स्व. राकेश विक्रम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। गुरु गोरखनाथ की टीम ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी करते हुए 140 रनों का स्कोर प्रतिद्वंद्वी टीम के सामने रखा।
जवाब में रालेंद्र सिंह इंटर कालेज की टीम 109 रन बनाकर आउट हो गई और गुरु गोरखनाथ की टीम ने 31 रनों से मैच जीत लिया। निर्णायक की भूमिका में रोहित, दीपू सिंह रहे। स्कोरिंग, कमेंट्री आशूक खां और अमन मिश्र ने की। सचिव कीर्ति सिंह, उप प्रधानाचार्या कनुप्रिया सिंह के अलावा मिथिलेश मिश्र, सुशील त्रिपाठी, अखिलेश सिंह, अनिल सिंह, महेंद्र विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।